69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर–14), जम्मू–कश्मीर और राजस्थान में होगा फाइनल महामुकाबला

69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर–14), जम्मू–कश्मीर और राजस्थान में होगा फाइनल महामुकाबला

69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर–14) के सेमीफाइनल में रोमांच चरम पर
जम्मू–कश्मीर और राजस्थान की शानदार जीत, फाइनल में होगा महामुकाबला
सीकर।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर–14 बालक) के सेमीफाइनल मुकाबले गुरुवार, 23 जनवरी 2026 को एसबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन, सबलपुरा, सीकर के मैदानों पर खेले गए। दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जुझारूपन, अनुशासन और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांच से भर दिया। मुकाबलों के परिणामस्वरूप जम्मू–कश्मीर और राजस्थान की टीमें फाइनल में पहुँच गईं।
ग्राउंड–01 पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में जम्मू–कश्मीर ने बेहतरीन टीमवर्क और सटीक रणनीति के बल पर मध्य प्रदेश को 56 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में जम्मू–कश्मीर के मुद्रिक बेग ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई और फैजल ने 5 विकेट लेकर श्रेष्ठ खिलाड़ी जैसी प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
दूसरे सेमीफाइनल में राजस्थान और सीआईएससीई के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। राजस्थान की ओर से प्रतुल शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाज़ी का शानदार नज़ारा पेश करते हुए 24 गेंदों में 40 रन जड़े, जबकि दक्ष ने संयमित अंदाज़ में 25 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम की जीत की नींव मजबूत की। सशक्त बल्लेबाज़ी और अनुशासित गेंदबाज़ी के दम पर राजस्थान ने मुकाबला अपने नाम करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में प्रतुल शर्मा (राजस्थान) का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा।
सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरे रहे और हर चौके–छक्के पर तालियों की गड़गड़ाहट गूँजती रही। अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है, जिसमें देश के दो सशक्त विद्यालयी दल खिताब के लिए आमने–सामने होंगे।

abtakhindi khabarhindi newsrajasthanshekhawati newsSikarsikar hindi newsSIKAR NEWS