स्पेशल ऑपरेशनल ग्रुप (SOG) ने सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती 2021 पेपर लीक मामले में शनिवार तड़के नागौर के कुचेरा इलाके के खजवाना गांव में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 7 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें से दो अभ्यर्थी राम सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। SOG की टीम ने इन्हें डिटेन करने के बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी और तीन गाड़ियों में जयपुर के लिए रवाना हो गई। कुचेरा थाने के एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि SOG ने छापेमारी की सूचना कुछ देर पहले ही दी थी। छापेमारी से पहले खजवाना गांव के 8 लोग SOG के रडार पर थे, और टीम पिछले तीन दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। शनिवार सुबह टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया और इन आरोपियों को हिरासत में लिया।
SI पेपर लीक कांड: अब तक की बड़ी कार्रवाई
SI भर्ती 2021 के पेपर लीक मामले में अब तक 50 ट्रेनी एसआई और गैंग के 30 से अधिक सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शनिवार को हुई इस ताजा कार्रवाई से पहले SOG ने 9 अक्टूबर को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस एकेडमी (RPA) में चार ट्रेनी एसआई को भी गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में कई आरोपी SOG की रडार पर हैं और जांच जारी है।