गृहमंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में भीम सेना की आक्रोश रैली…

पुतला फूंककर जताया विरोध, अंबेडकर को लेकर दिया विवादित बयान

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ आज भीम सेना ने आक्रोश रैली निकाली। रैली कल्याण सर्किल से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूका गया। इस दौरान रैली में शामिल लोगों ने जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया।

भीम सेना के संस्थापक और कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अनिल तिड़दिया ने कहा कि हाल ही में गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि आजकल अंबेडकर का नाम एक फैशन बन गया है, जबकि अगर लोग भगवान का नाम लेते तो स्वर्ग में स्थान मिलता। अनिल तिड़दिया ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अंबेडकर एक विचारधारा हैं, न कि कोई काल्पनिक पात्र।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर आज अमित शाह गृहमंत्री पद पर हैं तो वह अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के माध्यम से ही संभव हुआ है। तिड़दिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि अमित शाह को अब शहर टूर एंड ट्रेवल्स खोल लेना चाहिए और अपने नेताओं को स्वर्ग में ले जाकर देश का भला करना चाहिए।

Comments are closed.