रोरु बड़ी गांव की विभा शर्मा इसरो में बनीं वैज्ञानिक, अंतरिक्ष मैटेरियल पर करेंगी रिसर्च…

सीकर की प्रतिभा ने एमएनआईटी और आईआईटी मुंबई से शिक्षा पूरी कर इसरो में बनाई जगह

सीकर जिले के रोरु बड़ी गांव की रहने वाली विभा शर्मा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विभा अब इसरो में अंतरिक्ष से लाए गए पदार्थों और सूक्ष्म तत्वों पर अनुसंधान करेंगी। उनके परिवार का शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी बेहद मजबूत रहा है—पिता सुरेंद्र कुमार शर्मा शिक्षक हैं, जबकि दादा मुकंदलाल शर्मा भी शिक्षक रह चुके हैं। उनकी मां इंदिरा शर्मा सांख्यिकी विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत हैं।

विभा ने अपनी स्कूली पढ़ाई सीकर से पूरी की और फिर 2019 में जयपुर के एमएनआईटी से बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने 2020 में GATE परीक्षा में ऑल इंडिया 92वीं रैंक प्राप्त की। 2022 में उन्होंने आईआईटी मुंबई से धातुकर्म एवं सामग्री विज्ञान में एमटेक की डिग्री प्रथम स्थान के साथ हासिल की। पढ़ाई के बाद उन्होंने हिसार स्थित जिंदल स्टील प्लांट में कुछ समय एसोसिएट मैनेजर के रूप में भी काम किया। अब इसरो में नियुक्त होकर वह देश के अंतरिक्ष शोध क्षेत्र में अपना अहम योगदान देंगी।

Comments are closed.