सीकर में सुबह की बारिश से गर्मी से राहत, लेकिन हीटवेव का खतरा बरकरार…
प्रदेश में 21 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना, सीकर में तापमान 42 डिग्री से ऊपर जा सकता है
सीकर में बीते कुछ दिनों से लगातार तेज गर्मी पड़ रही थी, लेकिन गुरुवार की सुबह अचानक मौसम ने करवट ली। करीब साढ़े छह बजे हल्की बारिश हुई, जिससे स्थानीय लोगों को कुछ समय के लिए राहत महसूस हुई। बादलों की आवाजाही के बाद सूरज फिर से निकल आया और आसमान साफ हो गया। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक जिले में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी रहेगा, और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की आशंका है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में इस समय एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन अब मौसम फिर से शुष्क हो गया है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जयपुर मौसम केंद्र का अनुमान है कि 21 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जबकि शेखावाटी क्षेत्र में 15 से 18 अप्रैल के बीच तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Comments are closed.