सीमा पर लड़ने को तैयार शेखावाटी के पूर्व सैनिक: CM को पत्र भेजकर मांगी स्वेच्छा से युद्ध में शामिल होने की इजाजत…
पूर्व सैनिक बोले- देश सेवा को हर वक्त तैयार, पाक को दो दिन भी नहीं टिकने देंगे
सीकर। शेखावाटी के पूर्व सैनिकों ने एक बार फिर देशभक्ति की मिसाल पेश की है। शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जुटे पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने स्वेच्छा से सीमा पर जाकर भारतीय सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर युद्ध लड़ने की अनुमति मांगी है।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे हर परिस्थिति में देश सेवा के लिए तैयार हैं और मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को तत्पर हैं। व्याख्याता मदन गढ़वाल के नेतृत्व में पहुंचे पूर्व सैनिकों ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार उन्हें इजाजत देती है, तो वे तुरंत सरहद की ओर रवाना हो जाएंगे।
गढ़वाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी तरह सुरक्षित और सक्षम है। भारतीय सेना की ताकत से पाकिस्तान घबराया हुआ है। पहलगांव में उसकी नापाक हरकत का करारा जवाब दिया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो दो दिन में पाकिस्तान की सेना घुटने टेक देगी।”
इस अवसर पर जयपाल सिंह शेखावत, श्रीराम पिलानिया, उम्मेद सिंह धायल, रामेश्वर रनवा, सुभाष चंद्र, सूबेदार भगीरथ सिंह काजला, ओनाड सिंह समेत कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। सभी ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ देश सेवा का संकल्प दोहराया।
Comments are closed.