अमावस्या पर गोशाला में गौ सेवा के साथ दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सीकर
अमावस्या के पावन अवसर पर सीकर स्थित श्री गोपीनाथ गोशाला में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर प्रियांशू अग्रवाल (पुत्र स्वर्गीय सुरेश अग्रवाल ‘मावावाले’) ने अपने पूज्य पिता की पुण्य स्मृति में गौ सेवा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रियांशू अग्रवाल ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गोशाला में उपस्थित गौ माताओं को मौसम के अनुरूप तरबूज, खरबूजा, खीरे, केले, गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर सेवा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके लिए अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि वे प्रत्येक अमावस्या को गौ सेवा करें और वर्ष भर यथासंभव इस सेवा कार्य में निरंतर जुड़े रहें। अमावस्या के इस पावन अवसर पर गोशाला परिसर में गोसेवकों एवं गोभक्तों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वातावरण पूर्णतः भक्तिमय और सेवाभाव से ओतप्रोत नजर आया। इस अवसर पर पंडित रामावतार मिश्रा, श्रवण शर्मा, दिनेश बोचीवाल, अरविंद दोदराजका, रतन सिंह, विशाल सैनी, लक्ष्मीकांत जोशी, दिनेश मिश्रा सहित सैकड़ों गोभक्त उपस्थित रहे और सभी ने गौ सेवा में सहभागिता निभाई। यह आयोजन समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है, जो सेवा, संस्कार और अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का सशक्त संदेश देता है।