कृषि उपज मंडी की दीवार के पास कचरे का अंबार, वसंत विहार में बीमारी का खतरा

कृषि उपज मंडी की दीवार के पास कचरे का अंबार, वसंत विहार में बीमारी का खतरा

सीकर

शहर की कृषि उपज मंडी की बाहरी दीवार के पास सड़े-गले आलू, प्याज व अन्य सब्जियों के कचरे के ढेर लगने से क्षेत्र में गंभीर प्रदूषण की स्थिति बन गई है। इसके चलते समीप स्थित वसंत विहार कॉलोनी के निवासियों को गंदगी और तीव्र दुर्गंध के बीच जीवन यापन करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र में बीमारियों के फैलने की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासी संजना संजय शर्मा ने बताया कि मंडी से निकलने वाला सब्जियों का अपशिष्ट नियमित रूप से खुले में डाला जा रहा है। सड़ते कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है। वहीं, मच्छर, मक्खियां व अन्य कीट-पतंगों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों कुंज बिहारी शर्मा, योगिता रिंणवा, हंसराज महर्षि,अजय शर्मा व नवीन बूटोलिया आदि ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार मंडी प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और विकट हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की ठोस व्यवस्था लागू की जाए तथा दीवार के पास कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिल सके।

abtakhindi newsNewsSikarsikar hindi newssikar khabarSIKAR NEWSsikar update