सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को खाटू स्मार्ट सिटी के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बजट घोषणा में 16 स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के अंतर्गत खाटूश्यामजी को भी शामिल किया गया है। इस योजना के तहत जयपुर स्मार्ट सिटी क्लस्टर में खाटूश्यामजी क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को गति मिलेगी।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बैठक में निर्देश दिए कि खाटूश्यामजी कस्बे में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाए, कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग यार्ड पर ही सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट की समुचित व्यवस्था विकसित की जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि डंपिंग यार्ड कस्बे से पर्याप्त दूरी पर स्थापित हो, ताकि स्थानीय निवासियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि शहर के समग्र विकास के लिए आधुनिक तकनीकों और व्यवस्थाओं को अपनाया जाएगा। इसके अंतर्गत ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे तीर्थ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके। पार्किंग की समुचित व्यवस्था, साइनज सिस्टम का विकास तथा शटल सर्विस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त ग्रीन एरिया के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। आपदा प्रबंधन (डिजास्टर मैनेजमेंट) प्रणाली को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। आधुनिक अकाउंट मैनेजमेंट सिस्टम लागू कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाई जाएगी।
साथ ही खाटूश्यामजी कस्बे में अंडरग्राउंड वेस्ट कलेक्शन सिस्टम एवं अंडरग्राउंड फायर फाइटिंग सिस्टम विकसित किए जाएंगे, जिससे स्वच्छता एवं सुरक्षा के मानकों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य खाटूश्यामजी को एक स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन इस दिशा में समन्वित प्रयास कर रहे हैं और आने वाले समय में खाटूश्यामजी क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिलेगा।
इस दौरान बैठक में एडीएम शहर भावना शर्मा, एसडीएम दांतारामगढ़ मोनिका सामौर, एसई पीडब्ल्यूडी जेपी यादव, एसीईओ देवेन्द्र गुप्ता जयपुर स्मार्ट सीटी, आरएसआरडीसी प्रोजेक्ट मेनेजर महीपाल देवन्दा, प्रोफेसर नंदकुमार एमएनआईटी जयपुर, ईओ खाटूश्यामजी ओमप्रकाश यादव, एईएन प्रवीण कुमार, जितेन्द्र सिंह पीडीकोर जयपुर सहित बैठक से जुडे संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।