सीकर
15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को सीकर एवं धोद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रथों को कलेक्ट्रेट परिसर से जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती एवं सीकर के पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये एलईडी मोबाईल वेन निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार गांव में जाकर आमजन को 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जिले में ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत 15 दिनों तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक रथ संचालित किया जाएगा। यह रथ ग्रामीणों एवं आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा। ग्राम रथों पर सुझाव पेटी भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपने सुझाव दे सकेंगे। वहीं पर कला जत्था भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक रथ के साथ प्रभारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को भी नियुक्त किया गया है, जो स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन चार ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित करेगा।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि ग्राम रथ 29 अप्रैल को पंचायत समिति फतेहपुर की ठेडी, कायमसर, लक्ष्मणगढ़ की डूडवा , खीरवा, सिंगोदड़ा, आंतरोली, बलारां, धोद की कूदन , पलथाना, रसीदपुरा, भढाढार, सीकर की बेरी, तारपुरा, दादिया, दीनारपुरा, दौलतपुरा, दांतारामगढ़ की सुरेरा, भारीजा, डांसरोली, कांकरा, खण्डेला की रामपुरा, केरपुरा, कोटडी लुहारवास, ढाणी गुमान सिंह, , नीमकाथाना की प्रीतमपुरी, बासडी खुर्द , हरजनपुरा, गोविन्दपुरा, श्रीमाधोपुर की मूण्डरू, फुटाला, लिसाडिया, अणतपुरा गांवों में एलईडी के माध्यम से प्रचार—प्रसार किया जायेगा।
पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई लोग इनका लाभ नहीं ले पाते। इसी उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 दिनों तक ग्राम रथ का संचालन किया जाएगा, जो ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रथ पर क्यूआर कोड (स्कैनर) लगाया गया है, जिसे स्कैन कर आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता कर सकेंगे।
सीकर के पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने बताया कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा जनसमस्याओं के समाधान के प्रयास भी किए जाएंगे।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, एडीएम सिटी भावना शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, एसडीएम सीकर निखिल कुमार, एसडीएम धोद राहुल मल्होत्रा, सहायक निदेशक पूरणमल, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. सी.पी. महर्षि, सहायक जनसंपर्क अधिकारी राकेश कुमार ढाका सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।