जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सुनिश्चित करे – जिला कलेक्टर
जिला स्तरीय जनसुनवाई का हुआ आयोजन
सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र, कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान भूमिगत रास्तों एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, गोवटी में मुख्यमंत्री जनसहभागिता अनुदान से विद्यालय छत की मरम्मत के लिए भौतिक सत्यापन कर कार्य शुरू करवाने, जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी को मुख्य लाइन से जोड़ने, सीमांकन करवाने, दांतारामगढ़ के अमानीपुरा में चारागाह की भूमि से अतिक्रमण हटाकर फोटो-वीडियों के माध्यम से सत्यापन करने, आरटीआई प्रकरणों में जवाब देने, सरकारी विद्यालय की जमीन से अतिक्रमण हटाने, अजीतगढ़ में गोपालदास मंदिर के रास्ते पर अतिक्रमण हटाने तथा नगर पालिका धोद में नाली की सफाई कर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित कुल 70 परिवाद प्राप्त हुए।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने सभी परिवादों पर गंभीरता से सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई कर परिवादियों को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी राजस्व संबंधी मामलों में मौका विजिट करें तथा पांच वर्ष से पुराने मामलों में हर सप्ताह नियत तारीख देकर सुनवाई सुनिश्चित करें। समसा के सिविल कार्यों में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला शिक्षा अधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
पाटन के एक विद्यालय में शैक्षणिक अनियमितताएं पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी को मौके पर जाकर वस्तुस्थिति जांचने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित विद्यालय का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की अनुशंसा शिक्षा विभाग को करने के निर्देश दिए। जिले के कुछ विद्यालयों में शिक्षक स्टाफ की कमी या अधिकता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जहां शिक्षक अधिक हैं, वहां से शिक्षकों को कम स्टाफ वाले विद्यालयों में डेपुटेशन पर लगाया जाए ताकि शैक्षणिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने आमजन से जुड़ी विभागीय समस्याओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल के लंबित परिवादों तथा ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, एसडीएम सीकर निखिल कुमार, सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, एसई एवीवीएनएल सुभाष देवंदा, एसई पीडब्ल्यूडी जे.पी. यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित रहे।