डॉक्टर्स डे पर न्यूरो स्पाइन हॉस्पिटल की पहल: 110 मरीजों को मिला नि:शुल्क परामर्श, फाउंडेशन डे पर लगा विशाल न्यूरो-स्पाइन एवं ऑर्थो शिविर
सीकर
डॉक्टर्स डे एवं अस्पताल के स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर रोड स्थित न्यूरो स्पाइन हॉस्पिटल में बुधवार को विशाल नि:शुल्क न्यूरो-स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में शेखावाटी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 110 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क परामर्श, उपचार संबंधी मार्गदर्शन एवं आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की।
शिविर का शुभारंभ अस्पताल के फाउंडेशन डे के उपलक्ष्य में केक कटिंग समारोह के साथ हुआ। इसके बाद मरीजों एवं उनके परिजनों का स्वागत करते हुए उन्हें रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराया गया।
शिविर में शेखावाटी के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. सीताराम रणवा तथा ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. नाहर सिंह ने मरीजों की जांच की। विशेषज्ञों ने रीढ़ की हड्डी, मस्तिष्क, नसों तथा हड्डियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से ग्रसित मरीजों को आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी देते हुए समय पर उपचार कराने की सलाह दी।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सीताराम रणवा ने बताया कि अस्पताल अपनी स्थापना के बाद से प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को स्थापना दिवस एवं डॉक्टर्स डे के अवसर पर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं निदान शिविर आयोजित करता है। उनका कहना था कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना और गंभीर न्यूरो एवं स्पाइन रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि न्यूरो स्पाइन हॉस्पिटल में न्यूरो, स्पाइन, ऑर्थोपेडिक एवं क्रिटिकल केयर की 24×7 अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से भी संबद्ध है, जिससे पात्र मरीजों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने लोगों से कमर दर्द, गर्दन दर्द, स्लिप डिस्क, नसों की समस्या, लकवा, सिर की चोट एवं हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की अनदेखी नहीं करने और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से समय पर परामर्श लेने की अपील की।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।