भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सतीश पूनियां ने पत्रकारों से की बात
निकाय चुनावों में भाजपा बोर्ड बनाने में होगी कामयाब – राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. पूनियां
सीकर, 21 अगस्त।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद व पंजाब के संगठन प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि स्थानीय निकाय चुनावों में संपूर्ण राजस्थान में भाजपा बोर्ड बनाने में कामयाब होगी। इसके लिए पहली बार केंद्रीय नेतृत्व ने टीम गठित की है। यह टीम प्रत्येक नगर निगम, परिषद व पालिका स्तर पर नीचे तक के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर टिकट वितरण करेगी। वे भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पेपर लीक जैस मुद्दों को हल करने का काम किया है। कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में 17 पेपर लीक हुए थे। कांग्रेस सरकार की पहचान ही पेपर लीक सरकार के रूप में थी। कहा कि भजनलाल शर्मा के मुख्यमंत्री बनने के बाद एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि ईआरसीपी व यमुना जल समझौते जैसे मसलों पर खरा उतरने का काम भाजपा सरकार ने किया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार शहरों में अच्छी गवर्नेंस की सरकार देगी। कहा कि 2018 से 2023 तक की कांग्र्रेस सरकार की मंशा नगर निकायों को कमजोर करने थी। कभी परिसीमन मेंं गड़बड़ी करी कभी निजी आवंटन में कमी की।
जेनजी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह शब्द तो आज आया है। देश में जंग-ए-आजादी के लिए सरदार भगत सिंह से लेकर रामप्रसाद बिस्मील तक जेनजी ही थी जो देश के लिए लड़ी। किक्रेट में सचिन तेंदुलकर युवा ही आए थे। कहा कि जेनजी शब्द अब आया है लेकिन परंपरा पहले से रही है। कहा कि भाजपा ने कम उम्र के लोगों को आगे लाने की शुरूआत सबसे पहले की है, महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण देना हो, 45 वर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना हो।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, विधानसभा चुनाव में दांतारामगढ़ प्रत्याशी गजानंद कुमावत, जिला महामंत्री राजेश रोलन, जिला मीडिया संयोजक जितेंद्र माथुर आदि मौजूद रहे।