सीकर
राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण (रेट) ने पशुपालन विभाग में कार्यरत एक वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी के तबादला आदेश पर रोक लगा दी है। विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं संयुक्त शासन सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले के अनुसार, प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय रानोली में कार्यरत वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवचंद यादव के स्थानांतरण आदेश को चुनौती दी गई थी। अधिवक्ता संदीप कलवानिया ने अधिकरण में पक्ष रखते हुए बताया कि संयुक्त शासन सचिव द्वारा 14 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत डॉ. यादव का तबादला श्रीगंगानगर से रानोली किया गया था, जिसकी पालना में उन्होंने कार्यग्रहण भी कर लिया था। इसके बाद विभाग ने उनका तबादला अचानक करीब 450 किलोमीटर दूर सिरोही जिले में कर दिया। मामले की सुनवाई के बाद अधिकरण की बेंच ने तबादला आदेश पर रोक लगाते हुए प्रार्थी को राहत प्रदान की है