फाउंडेशनल लर्निंग स्टेज सर्वे 2025-26 सीकर जिले के 11 विद्यालयों में सम्पन्न

फाउंडेशनल लर्निंग स्टेज सर्वे 2025-26 सीकर जिले के 11 विद्यालयों में सम्पन्न

सीकर

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों के लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमैरेसी (एफएलएन) के तहत उनके स्तर का आकलन करने हेतु एनसीईआरटी द्वारा एससीईआरटी एवं जिला डाइट के सहयोग से राजस्थान के 511 विद्यालयों में फाउंडेशनल लर्निंग स्टेज सर्वे 2025-26 सम्पन्न कराया गया। सीकर जिले के 11 विद्यालयों में 107 विद्यार्थियों को इस सर्वे में शामिल किया गया।
सर्वे की विस्तृत जानकारी देते हुए स्टेट रिसोर्स पर्सन राजकमल जाखड़ ने बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर पाठ्यक्रम निर्धारण एवं गुणवत्ता सुधार के लिए सर्वे कराए जाते हैं। इसी क्रम में भाषा एवं गणित विषय में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के स्तर का आकलन करने के लिए कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों का यह सर्वे आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य निपुण भारत मिशन के तहत एफएलएन लक्ष्यों की प्राप्ति का मूल्यांकन करना है।
उन्होंने बताया कि इस सर्वे की विशेषता यह रही कि पहली बार इसे टैबलेट आधारित प्रणाली से आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्तर सीधे टैबलेट पर दर्ज किए, जो सिंक्रोनाइज होने के बाद एनसीईआरटी तक पहुंचेंगे। इससे आंकड़ों के विश्लेषण में कम समय लगेगा तथा परिणाम शीघ्र प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि समय के साथ नवाचार आवश्यक है और शिक्षा विभाग में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं।
यह सर्वे रेंडम स्टार्ट एवं सैंपल इंटरवल पद्धति से जिले के 11 विद्यालयों में संचालित किया गया। इसमें कक्षा चार में अध्ययनरत 12-12 विद्यार्थियों का चयन किया गया। सर्वे में शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ क्षेत्र, हिंदी माध्यम, अंग्रेजी माध्यम, निजी विद्यालय तथा सरकारी विद्यालय शामिल किए गए।
डीएलसी प्रभारी डॉ. सुरभि चौधरी ने बताया कि जिले के 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों का डेटा सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज कर लिया गया है तथा संस्था प्रधान प्रश्नावली एवं दो अध्यापक प्रश्नावलियां भी पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले के 11 फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स को उदयपुर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर द्वारा दो दिवसीय सघन प्रशिक्षण दिया गया, जिसके बाद उन्हें विद्यालयों में भेजा गया। फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स ने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर उनके उत्तर टैबलेट में दर्ज किए। प्रश्नों का स्तर कक्षा तीन के अनुरूप रखा गया तथा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए लगभग 40 से 50 मिनट का समय लिया गया।
राजकमल जाखड़ ने केंद्रीय विद्यालय, सीकर के विद्यार्थियों का सर्वे टैबलेट के माध्यम से किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था प्रधान नरसीलाल बिजारणिया से विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर प्रश्नावली पूर्ण की।
केंद्रीय विद्यालय, सीकर में बालिका द्वारा टैबलेट पर प्रश्नों के उत्तर अंकित किए गए तथा संस्था प्रधान नरसीलाल बिजारणिया से संस्था प्रश्नावली पर चर्चा की गई।
इस सर्वे में हरीकृष्ण ताखर, इंदिरा देवी, पंकज शर्मा, विक्रम सिंह, मास्टर ट्रेनर कन्हैयालाल मेवात, सुरेंद्र कुमार सैनी, कुलदीप, प्रमोद कुमार, प्रीतम सिंह, निखिल एवं दीपेंद्र सिंह सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।

abtakhindi khabarhindi newsSikarsikar hindi newssikar khabarSIKAR NEWSsikar update