भामाशाह रामदेव सैनी ने किरडोली गौशाला को दिए ₹51 हजार, समिति ने जताया आभार
किरडोली (सीकर)।
क्षेत्र की अग्रणी गौसेवा संस्था पीर बाबा रामदेव गौशाला सेवा समिति, किरडोली में गौवंश के चारे एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए मंगरासी (लोसल) निवासी भामाशाह रामदेव सैनी ने ₹51,000 की सहयोग राशि भेंट की। गौशाला समिति ने उनके इस अनुकरणीय योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए सम्मान किया।
इस अवसर पर रामदेव सैनी ने कहा कि गौसेवा हमारी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश की सेवा करना मानव जीवन का श्रेष्ठ पुण्य कार्य है। साथ ही उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से गौसंरक्षण के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
दानवीरों के सहयोग से चलती है गौसेवा की व्यवस्था
गौशाला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि किरडोली गौशाला का संचालन समाज के भामाशाहों और जनसहयोग के बल पर ही सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। रामदेव सैनी द्वारा दी गई सहयोग राशि का उपयोग गौशाला में आश्रित बेसहारा गौवंश के चारे, पानी तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं पर किया जाएगा।
समिति ने कहा कि गौ माता के प्रति रामदेव सैनी की श्रद्धा एवं सामाजिक सरोकार क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे सहयोग से गौशालाओं को मजबूती मिलती है और बेसहारा गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य प्रभावी ढंग से आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गौभक्तों, ग्रामीणों एवं समिति पदाधिकारियों ने रामदेव सैनी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौशाला समिति ने सभी दानदाताओं और गौभक्तों से अपील की कि वे गौसेवा एवं गौसंरक्षण के इस पुण्य अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि निराश्रित गौवंश की बेहतर देखभाल की जा सके।