सीकर
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम सिटी शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत सभी संबंधित विभाग वार्डवार बेसलाइन एवं आकांक्षाओं की प्रविष्टियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें, ताकि नगरीय निकायों में आयोजित होने वाली वार्ड सभाओं में इन्हें प्रस्तुत कर अनुमोदन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के अंतर्गत वर्ष 2030, 2035 एवं 2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए तीन चरणों में सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विकास किया जाना है। इसके लिए सभी विभाग अपनी-अपनी मांग एवं आकांक्षाएं समयबद्ध रूप से पोर्टल पर दर्ज करें। बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत वार्डों में सड़कों, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सीपीओ अंजलि सैनी, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, सीओ शहर संदीप सिंह, एसई पीएचईडी रामकुमार चाहिल, एपीआरओ राकेश कुमार ढाका, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विकास सिहाग, डीटीओ ताराचंद बंजारा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रकाश निठारवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।