राजकीय महाविद्यालय खण्डेला में आत्मरक्षा प्रशिक्षण के छठवें बैच का समापन

राजकीय महाविद्यालय खण्डेला में आत्मरक्षा प्रशिक्षण के छठवें बैच का समापन

खण्डेला। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय खण्डेला में चल रहे आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के छठवें बैच का समापन समारोह आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 से महाविद्यालय में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र का संचालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खण्डेला थानाधिकारी इंद्रप्रकाश रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में हेड कांस्टेबल मनीष मीणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. अनुपमा सक्सैना ने की। संयोजक डॉ. पाणिनि नीमड़ ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना है।

इस अवसर पर थानाधिकारी इंद्रप्रकाश ने छात्राओं को आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में साहस, सतर्कता एवं आत्मविश्वास के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक हेड कांस्टेबल श्रीमती नीलम एवं कांस्टेबल श्रीमती रेखा ने प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा की विभिन्न विधियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. अनुपमा सक्सैना ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि इस सत्र में कुल 153 बालिकाओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार की योजनानुसार राजकीय महाविद्यालय खण्डेला ब्लॉक का एकमात्र प्रशिक्षण केंद्र है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोहन लाल शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य अमरनाथ वर्मा, डॉ. पाणिनि, डॉ. सुनीता, डॉ. फूलाराम, डॉ. रोहिताश सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

abtakhindi khabarhindi newshindi updateNewsshekhawati newsSikarsikar hindi newsSIKAR NEWSsikar update