सीकर
विदेशी भाषा संचार कौशल योजना के अंतर्गत एमओयू साइनिंग सेरेमनी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तरीय प्रसारण सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सीकर के वीसी सभागार में किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर आशीष मोदी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, मुख्य आयोजना अधिकारी अंजलि सैनी, श्री कल्याण कन्या महाविद्यालय की प्रोफेसर सुशीला चौधरी सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर मोदी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके करियर काउंसलिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार करियर का चयन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने तकनीक के सकारात्मक एवं प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया।
जिला कलेक्टर ने जनगणना 2027 के तहत आज से प्रारंभ हो रही स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित छात्राओं के मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया का अभ्यास भी करवाया। उन्होंने महाविद्यालय की छात्राओं को जनगणना 2027 का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करते हुए प्रत्येक एंबेसडर को कम से कम 100 लोगों की स्व-गणना करवाने का लक्ष्य दिया। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।