सीकर के विद्यालयों में चला नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने ली शपथ
शिक्षक महासंघ की पहल, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी लिया संकल्प; नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
सीकर।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा), राजस्थान के आह्वान पर शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान आयोजित किया गया। ‘नशा मुक्त विद्यालय–नशा मुक्त युवा–नशा मुक्त राजस्थान’ अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।
जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह एवं जिला मंत्री रामलाल जाटोलिया ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम और व्याख्यान आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रदेश प्रार्थना सभा प्रकोष्ठ सदस्य एवं जिला महिला मंत्री नीतू शर्मा, अतिरिक्त जिला मंत्री सनत कुमार शर्मा तथा कोषाध्यक्ष बिहारी सिंह कविया ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर नशामुक्त समाज की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।
महासंघ ने शिक्षकों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से नशामुक्ति अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। संगठन ने ‘नशा मुक्त विद्यालय–नशा मुक्त युवा–नशा मुक्त राजस्थान’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।