सीकर जिला शहरी निकायों की प्रोग्रेस रिपोर्ट को लेकर बैठक आयोजित
सीकर
जिला शहरी निकायों की प्रोग्रेस रिपोर्ट को लेकर नगर परिषद सीकर के कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक का आयोजन जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में नगर परिषद सीकर सहित जिले के विभिन्न शहरी निकायों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान विभिन्न विकास कार्यों, स्वच्छता अभियानों, आधारभूत सुविधाओं, राजस्व कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखें।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि शहरी क्षेत्रों में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को देखते हुए नालों-नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला कलेक्टर ने नगर परिषद कैंपस में संचालित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र, नागरिक जनसुविधा केंद्र का निरीक्षण भी किया।
बैठक में युआईटी सचिव जगदीश प्रसाद गौड़, नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा, अधिशाषी अभियंता प्रवीण चौधरी, सहायक अभियंता वाजिद अहमद, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, ईओं फतेहपुर अनिता खींचड़, खाटुश्यामजी ईओ ओम प्रकाश, लक्ष्मणगढ़ नवनीत, रामगढ़ शेखावाटी जयप्रकाश गुर्जर, लोसल ममता चौधरी, श्रीमाधोपुर अशोक चौधरी, खंडेला रघुवीर वर्मा, नीमकाथाना रंजीत चौधरी, अजीतगढ़ जुबेर खान, दांता भूपेश शर्मा,धोद कालूराम, रींगस महेश ओला, पलसाना रवीना चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।