सीकर में मौसम का कहर: तेज आंधी, सूंटे और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पेड़ और बिजली पोल गिरे, कई रास्ते बंद, घर पर गिरी बिजली से भैंस-पाड़ी की मौत, डेढ़ लाख का नुकसान

सीकर में मौसम का कहर: तेज आंधी, सूंटे और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पेड़ और बिजली पोल गिरे, कई रास्ते बंद, घर पर गिरी बिजली से भैंस-पाड़ी की मौत, डेढ़ लाख का नुकसान

सीकर।

जिले में शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। शाम करीब पौने 5 बजे तेज सूंटे, आंधी और बारिश के साथ मौसम ने ऐसा करवट बदला कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के साथ करीब 20 से 22 मिनट तक हुई बारिश ने कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित कर दिया।

जिला मुख्यालय पर तेज तूफानी हवाओं के कारण बांड्याबास और 2 नंबर डिस्पेंसरी के पास सड़क पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए और यातायात प्रभावित रहा। वहीं सालासर रोड और नवलगढ़ रोड पर कई जगह पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पलसाना क्षेत्र में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां एक घर के बाहर खड़ी बाइक पर पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मौसम बदलने से पहले पिछले पांच दिनों से भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। अचानक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं ने डर का माहौल पैदा कर दिया। सुबह से ही जिले में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी और शाम होते-होते मौसम पूरी तरह बदल गया। बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कती रही।

इधर सीकर के नला का बालाजी क्षेत्र स्थित पीपली नगर में बड़ा हादसा हो गया। यहां गणपत सैनी के घर पर आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस और एक पाड़ी की मौत हो गई। घटना में परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन पशुपालक को करीब डेढ़ लाख रुपए के पशुधन का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में मौसम में बदलाव बना रहेगा। तेज हवाएं, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

abtakshekhawati newsSikarsikar hindi newsSIKAR NEWSsikar update