NEET-2026 परीक्षा सुचारु संचालन के लिए तैयारियों की समीक्षा, आवश्यक दिशा-निर्देश जारी, जिले में 102 केंद्रों पर 29,979 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा व हीटवेव से बचाव के रहेंगे विशेष इंतजाम

NEET-2026 परीक्षा सुचारु संचालन के लिए तैयारियों की समीक्षा, आवश्यक दिशा-निर्देश जारी, जिले में 102 केंद्रों पर 29,979 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा व हीटवेव से बचाव के रहेंगे विशेष इंतजाम

सीकर

जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में NEET-2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित की गई। उन्होंने परीक्षा की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए तथा वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, अनुचित साधनों के प्रयोग, नकल एवं अन्य अवांछित गतिविधियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि NEET-2026 परीक्षा 3 मई 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक सीकर जिले में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने निर्देश दिए कि ऑब्जर्वर की बैठक कलेक्शन सेंटर पर आयोजित की जाए। जिन कार्मिकों की इन्विजिलेटर के रूप में ड्यूटी लगाई जा रही है, उनके विरुद्ध पूर्व में नकल संबंधी कोई प्रकरण दर्ज नहीं होना चाहिए। सभी कार्मिकों का पुलिस सत्यापन करवाया जाना अनिवार्य होगा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्वच्छ एवं विश्वसनीय स्टाफ की ही ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में केवल सरकारी कर्मचारियों को ही नियुक्त किया जाए।

जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों में विद्युत की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार साइलेंट जनरेटर की व्यवस्था भी रखी जाए। ओएमआर शीट जमा कराने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा जाए ताकि किसी प्रकार की भीड़ अथवा अव्यवस्था उत्पन्न न हो। परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश दोपहर 1.30 बजे तक सुनिश्चित किया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी तथा संपूर्ण परीक्षा केंद्र की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने निर्देश दिए कि 10 से 12 इन्विजिलेटर अतिरिक्त रूप से आरक्षित रखे जाएं तथा शहर समन्वयक की नियुक्ति की जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को परीक्षा केंद्रों पर नर्सिंग स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने तथा पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के बाहर कानून व्यवस्था बनाएं रखने के लिए समुचित प्रबंध करने तथा संबंधित विभाग को छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था कराई जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि उड़नदस्ता, ऑब्जर्वर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक एवं वृत्त निरीक्षक समन्वय के साथ कार्य करेंगे। परीक्षा केंद्र के बाहर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र अधीक्षक के पास ही मोबाइल फोन रहेगा तथा अन्य किसी को अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकतानुसार इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने परिवहन व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए गए कि परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व एवं परीक्षा उपरांत परिवहन साधनों पर बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार ने बताया कि सीकर जिले में आगामी 3 मई 2026 को दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक होने वाली नीट परीक्षा 2026 के लिए सीकर जिले में 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जो सभी सरकारी विद्यालय और महाविद्यालय में रहेंगे। वहीं नीट परीक्षा 2026 के लिए सीकर जिले में 29 हजार 979 अभ्यर्थी पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए 6 सिटी कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी नीट परीक्षा की व्यवस्था और सफल संचालन के लिए चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि नकल एवं अवांछित गतिविधियों की रोकथाम के लिए पर्यवेक्षक और ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही एसडीएम, तहसीलदार व जिला स्तरीय अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का जाब्ता भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्र पर समुचित पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के पास एएनएम सहित मेडिकलकर्मी को लगाया जाएगा। जिनके पास दवाईयां सहित उपचार के संसाधन रहेंगे ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने बताया कि नकल एवं अनुचित साधनों को रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं और जिला प्रशासन का विशेष प्रयास रहेगा की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से हो, परीक्षा में किसी भी अनुचित साधनों का प्रयोग नहीं हो इसको सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा जो भी खुफिया एजेंसियों से सूचना मिलेगी उसके अनुसार समय पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा की गाइडलाइन का विशेष ध्यान रखते हुए परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेवें। परीक्षा केंद्र पर प्रात: 11 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा और परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5 तक आयोजित होनी है ऐसे में परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए अभ्यर्थी समय और परीक्षा की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए समय पर परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर भावना शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, एसई विद्युत विभाग सुभाष देवन्दा, संयुक्त निदेशक डीओआईटी सत्यनारायण चौहान, डीटीओ तारांचद बंजारा, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय नरसी लाल बिजारणियां, एडीईओ विक्रम सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

abtakhindi khabarshekhawati newssikar hindi newssikar khabarSIKAR NEWSsikar update