सीकर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन व नगर परिषद सीकर द्वारा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर सोमवार प्रातः 7 बजे रामलीला मैदान में विशेष श्रमदान एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्रमदान के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता अपनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा “मेरा शहर—मेरी जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए स्वच्छ एवं सुंदर सीकर बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि श्रमदान जैसी गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक चेतना पैदा करती हैं और नागरिकों को अपने शहर के प्रति जिम्मेदार बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 में सीकर को अग्रणी स्थान दिलाने के लिए नगर परिषद निरंतर प्रयासरत है। यदि आमजन, व्यापारी, सामाजिक संगठन एवं युवा मिलकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाएं व स्वच्छता महुआ ऐप पर फीडबैक दें ताकि सीकर प्रदेश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहरों में अपनी पहचान बना सकता है।
वरिष्ठ आयुक्त ने सभी नागरिकों से प्लास्टिक उपयोग कम करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने एवं स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की।
इस अवसर पर राजस्व अधिकारी महेश चंद्र योगी, सहायक अभियंता प्रवीण चौधरी, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, जिला परियोजना अधिकारी जगदीश सिंह जाखड़, मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लद्धड़, शाहिल अली गौड़, संबंधित जोन प्रभारी सहित नगर परिषद सीकर के सफाई कर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें