सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के परिवादियों से सीधे दूरभाष पर बात कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कलेक्टर मोदी ने नीमकाथाना क्षेत्र के फूलचंद द्वारा पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं होने, अजीतगढ़ के हथोरा निवासी गजेंद्र सिंह द्वारा सरकारी ट्यूबवेल पिछले 15 दिनों से खराब होने एवं पानी लीकेज की समस्या, तथा दांता के राजेंद्र सिंह द्वारा क्षेत्र का हैंडपंप 7 दिनों से खराब होने की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, पीएचईडी को मौके पर जाकर जांच करने तथा शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में, श्रीमाधोपुर के थोई निवासी लोकेश सैनी द्वारा बिजली विभाग की ओर से गलत वीसीआर भरने की शिकायत पर जिला कलेक्टर ने अधीक्षण अभियंता, एवीवीएनएल को मामले की जांच कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने इस दौरान कई परिवादियों की शिकायतें भी ध्यानपूर्वक सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा आमजन को राहत प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रामकुमार चाहिल, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता सुभाष देवंदा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे