सीकर की लोक अदालतों में आज(शनिवार) कई लोगों के पेंडिंग मामले निपटाए गए। सीकर के पूर्णपुरा गांव के किसान गंगूराम ने 2015 में किसान क्रेडिट कार्ड पर पंजाब नेशनल बैंक से 4.50 लाख रुपए का लोन लिया था, इसके बाद गंगूराम की मौत हो गई थी। लोन नहीं चुकता होने से ब्याज बढ़ा और कुल रकम 16 लाख 58 हजार 699 रुपए हो गई।
आज DLSA सेक्रेटरी शालिनी गोयल की मौजूदगी में लोक अदालत में दोनों पक्षों की मध्यस्थता में मामला 2 लाख 90 हजार रुपए में सेटल हुआ। गंगूराम के परिजनों ने मौके पर 8 हजार रुपए जमा करवाए और तय समय में बचे हुए 2 लाख 81 हजार रुपए चुकाने का करार किया है।
इसी प्रकार, सीकर जिले के नीमकाथाना की तन में स्थित पलाश की ढाणी के अंकित कुमार मीणा ने एक निजी फाइनेंस कंपनी से 2022 में 3 लाख 81 हजार रुपए का लोन लिया था। अंकित लोन की किश्तें नहीं चुका पाया और मामला पहले कोर्ट, फिर आज की लोक अदालत में पहुंचा। अंकित की आर्थिक स्थिति को लोक अदालत के मध्यस्थों की समझाइश से 40 हजार रुपए चुकाने पर सेटलमेंट हो गया। इस साल की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
सीकर में शनिवार को इस साल की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष जिला जज रूपा गुप्ता के निर्देशन में आपसी राजीनामे के जरिए 10 करोड़ 33 लाख 47 हजार 755 रुपए से ज्यादा के सेटलमेंट हुए। सीकर मुख्यालय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और अन्य जगहों पर ताल्लुका विधिक सेवा समिति ने लोक अदालतें लगाईं। सीकर मुख्यालय सहित रींगस, श्रीमाधोपुर, दांतारामगढ़, लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर और नीमकाथाना समेत विभिन्न कोर्ट में कुल 15 बेंच ने सुनवाई की। लोक अदालत में फौजदारी, दीवानी, पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, राजस्व और उपभोक्ता मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। अदालतों में वर्षों से पेंडिंग चल रहे 8427 मामले निपटाकर 6 करोड़ 27 लाख 99 हजार 378 रुपए के सेटलमेंट हुए। वहीं, अदालती कार्रवाई से पहले 266 मामलों में राजीनामे के तहत 4 करोड़ 5 लाख 48 हजार 377 रुपए के सेटलमेंट हुए।
इससे पहले आज की लोक अदालत के शुभारंभ के मौके पर जिला जज रूपा गुप्ता, DLSA सेक्रेटरी ADJ शालिनी गोयल, ACJM-1 जयराम जाट, JM-3 ईशा सांघी, बार संघ अध्यक्ष दामोदर माटोलिया, बार संघ महासचिव विजय कुमार शर्मा, प्रशिक्षित मध्यस्थ एडवोकेट पुरूषोत्तम शर्मा आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। पक्षकारों की सहायता के लिए लगाई गई एक्स्ट्रा हेल्पडेस्क
DLSA सेक्रेटरी शालिनी गोयल ने बताया कि पक्षकारों की सहायता के लिए एक्स्ट्रा हेल्पडेस्क लगाई गई। सीकर जिले की लोक अदालतों में राजीनामा करके सबसे ज्यादा मामले निपटाए गए हैं। प्री-लिटिगेशन बेंच पर अजमेर विद्युत वितरण निगम (AVVNL), SBI, PNB और BSNL जैसे संस्थानों के सैकड़ों पेंडिंग मामलों को आपसी समझाइश से खत्म किया गया।
सेक्रेटरी शालिनी गोयल ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य आमजन के मामलों का बिना समय खराब किए तुरंत निस्तारण करना है। शनिवार को जिलेभर में लगी लोक अदालतों में वकीलों, बैंक डेलीगेट्स और कोर्ट स्टाफ का अच्छा सहयोग रहा