कर्तव्य बोध दिवस पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने मांगीलाल शर्मा का किया सम्मान…
"पूर्व प्रधानाचार्य मांगीलाल शर्मा और प्रदेश सभा अध्यक्ष संपत सिंह ने किया मार्गदर्शन, आगामी शैक्षिक सम्मेलन पर चर्चा"
राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की पिपराली ,सीकर और धोद उप शाखाओं के संयुक्त तत्वावधान में आज कर्तव्य बोध दिवस के अवसर पर गोपाल फोगावत स्मृति प्रन्यास भवन, सीकर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य मांगीलाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि प्रदेश सभा अध्यक्ष संपत सिंह और जिला सभा अध्यक्ष श्रवण सिंह थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद धोद उप शाखा अध्यक्ष कैलाश कविया और मंत्री बनवारी लाल ने प्रधानाचार्य मांगीलाल शर्मा का साफा और संगठन का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
पूर्व प्रधानाचार्य मांगीलाल शर्मा ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डाला और कहा कि उनकी जीवनशैली हमें कर्तव्य बोध के प्रति जागरूक करती है। स्वामी विवेकानंद के जीवन के घटनाक्रमों से हमें समाज और प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का एहसास होता है।

प्रदेश सभा अध्यक्ष संपत सिंह ने संगठन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य राष्ट्रहित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक और शिक्षक हित में समाज के लिए कार्य करना है। उन्होंने जयदेव पाठक की जीवनी का उदाहरण देते हुए कर्तव्यों के प्रति समर्पण की भावना को बल दिया।
संभाग संगठन मंत्री यशवंत सिंह ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी से संबंधित रोचक तथ्यों से सभी को अवगत कराया। जिला सभा अध्यक्ष श्रवण सिंह ने कर्तव्य बोध दिवस की महत्ता और इसके समाज पर प्रभाव को समझाया।
जिला मंत्री कल्याण सिंह ने बोध दिवस पखवाड़े की कार्य योजना की जानकारी दी और आगामी प्रदेश स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर प्रदेश महिला सचिव सुशीला कस्वां ,जिला महिला मंत्री नीतू शर्मा ,पिपराली उप शाखा अध्यक्ष अरुण महला, मंत्री ओमपाल सिंह, धोद उप शाखा अध्यक्ष कैलाश कविया, मंत्री बनवारी लाल, सीकर उप शाखा अध्यक्ष अरुण तिवारी, मंत्री लालचंद सैनी सहित कई संगठन पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सनत कुमार शर्मा ने किया।
Comments are closed.