चूरू महोत्सव 2025 का भव्य आगाज आज से…
विरासत कार्निवल से होगी शुरुआत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रहेगा आकर्षण
चूरू महोत्सव 2025 का शुभारंभ शनिवार सुबह 7:15 बजे ऐतिहासिक गढ़ से इंद्रमणि पार्क तक विरासत कार्निवल यात्रा के साथ होगा, जिसमें स्कूली बच्चे भाग लेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन में सुबह के सत्र की आधिकारिक शुरुआत होगी। यह आयोजन नगर परिषद, पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से हो रहा है।
नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और बताया कि सुबह की प्रस्तुतियां डोम और पांडाल में होंगी, जबकि शाम की प्रस्तुतियां खुले मंच पर आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने हिंदी और राजस्थानी में आमंत्रण पत्रिका जारी कर लोगों को समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।
महोत्सव में जोधपुर विद्युत वितरण निगम की ओर से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी के लिए स्टॉल लगाई जाएगी। पुलिस लाइन में सुबह 10:30 बजे मिस्टर और मिसेज प्रतियोगिता, रस्साकशी, आर्ट गैलरी, संगीत व नृत्य प्रतियोगिता, क्राफ्ट और फूड बाजार, महिला सशक्तिकरण चर्चा, पेंटिंग और रंगोली कार्यशाला जैसे कार्यक्रम होंगे।
शाम 6:15 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिसमें गुलाबो सपेरा नृत्य, कोरियोग्राफर संतोष नायर का वायब्रेंट इंडिया नृत्य, बॉलीवुड गायक रविंद्र उपाध्याय और कोक स्टूडियो फेम भंवरी देवी अपनी प्रस्तुति देंगे।
Comments are closed.