जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच में धांधली का लगा आरोप…

शारीरिक शिक्षक ने बालिकाओं को दी कैरियर खराब करने की धमकी

सीकर जिले के गांव लाखनी की सेठ लक्ष्मीनारायण काबरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में चल रही 68 वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में भाग ले रही रींगस की टीम ने धांधली का आरोप लगाया। मैच के दौरान रैफरी द्वारा दिए गए गलत निर्णय के खिलाफ हॉकी टीम की बालिकाएं विरोध जताते हुए मैदान में बैठ गई। टीम कप्तान मनीषा धायल ने आरोप लगाया कि रींगस और लाखनी के बीच चल रहे प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में गलत निर्णय का विरोध किया गया तो स्थानीय विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मदन लाल गढ़वाल द्वारा टीम पर 4 साल का बैन लगा कर कैरियर खराब करने की धमकी दी गई और टीम के साथ आए शिक्षकों से भी मारपीट की गई। खिलाड़ी रितिका शर्मा ने आरोप लगाया कि गलत निर्णय के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों को धमकी दी गई कि 10 मिनट में ग्राउंड खाली नहीं किया तो आपके खिलाफ एक्शन लेंगे और कोच को बुलाकर डंडे मारे जाएंगे। खिलाड़ी अक्षिता शर्मा ने आरोप लगाया कि सेमीफाइनल मैच के दौरान हमारे साथ भेदभाव किया गया और विरोध करने पर टीचर्स और कोच के साथ मारपीट की और साथ ही बालिकाओं को भी कैरियर खराब करने की धमकियां दी गई।

 

मामले की सूचना पर पहुंचे रींगस थाना पुलिस के एएसआई राजेंद्र प्रसाद चाहर ने बताया कि विरोध कर रहे खिलाड़ियों से समझाइश के बाद पुलिस की मौजूदगी में प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच संपन्न करवाया गया। वहीं इस मामले में शारीरिक शिक्षक मदन लाल गढ़वाल का कहना है कि निर्णायक द्वारा दिए गए निर्णय के खिलाफ असमाजिक तत्व मैदान में घुस गए और रैफरी को दबोचने की कोशिश की गई साथ ही बालिकाओं द्वारा ग्राउंड रोका गया। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई और मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार है। टीम को संभालने गए रींगस की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक बीरबल रुण्डला का कहना है कि मैच के दौरान गलत निर्णय के खिलाफ बालिकाओं के पक्ष में बोला गया तो स्थानीय ग्रामीण भी मारपीट पर उतारू हो गए और स्थानीय विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मदन लाल गढ़वाल द्वारा बालिकाओं को गाली-गलौज की गई। प्रतियोगिता के मैच देखने गए सेवानिवृत शारीरिक शिक्षक गणेश राम यादव से भी शारीरिक शिक्षक मदन लाल गढ़वाल द्वारा बदसलूकी की गई और “आपको यहां किसने बुलाया, निकल जाओ यहां से” ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान रींगस हॉकी टीम की खिलाड़ी मनीषा धायल, अक्षिता शर्मा, रीतिका शर्मा, पिंटू यादव, वंशिका डाबी, मुस्कान, भावना, अंशिका, दीक्षा कंवर, निशा, काजल आदि मौजूद रहीं।

Comments are closed.