प्रदेश महासंघ की बैठक में मोदी सरकार की नीतियों पर जमकर हमला…
महंगाई, बेरोजगारी और गरीबों के शोषण को लेकर चिंता व्यक्त
गुरुवार को गांव सातड़ा में अखिल राजस्थान किसान, मजदूर व कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आदूराम न्यौल के सानिध्य में महासंघ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यौल ने केन्द्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे हर वर्ग परेशान है।
न्यौल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबी मिटाने का दावा करते हैं, लेकिन उनकी सरकार गरीबों को केवल मुफ्त अनाज देकर ठग रही है। वहीं, उद्योगपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी, मध्य वर्ग का शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण किया जा रहा है, जिसके चलते युवा बेरोजगार हो रहे हैं। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। राज्य की भाजपा सरकार कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर रही है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
बैठक में उपस्थित अन्य पदाधिकारी भी केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनहित की आवाज उठाते रहे। उपस्थित सदस्यों में किशनाराम बाबल, मोतीराम जाट, सत्यनारायण न्यौल, रतिराम मेघवाल, हनुमान देग, गिरधारी जाट, विनोद गर्ग, राधेश्याम न्यौल, ओमप्रकाश जांगिड़, सोनू नाई, किशन जाट, लिछमण जाट आदि शामिल थे।
Comments are closed.