रणमलसिंह के निर्वाण से एक युग का अंत हो गया…

स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधायक रणबंका रणमलसिंह के द्वादिवसीय निर्वाणोत्सव का आज उनके पैतृक ग्राम कटराथल में हुआ समापन

स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधायक रणबंका रणमलसिंह के द्वादिवसीय निर्वाणोत्सव का आज उनके पैतृक ग्राम कटराथल में समापन हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने रणमलसिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे युगपुरुष थे ।शुचिता, सेवा व सादगी के प्रतिमान रणमलसिंह के निर्वाण से एक युग का अंत हो गया। उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र निर्माण में समर्पित कर दिया । उस अवसर पर बिजनौर, उत्तर प्रदेश के कथावाचक कुलदीप आर्य ने कहा कि ग्राम- संग्राम के पर्याय रणमलसिंह’ यथा नाम तथा गुण ‘थे। उन जैसे व्यक्तित्व के धनी आज के युग में विरले हैं । ऐसे व्यक्ति कभी मरा नहीं करते। ऐसे युगपुरुष हमेशा जीवित रहते हैं।रणमलसिंह को महेश शर्मा, गोपाल सिंह शेखावत ने भजनांजलि तथा शिक्षाविद दयाराम महरिया ने काव्यांजलि दी। आचार्य पुष्पा शास्त्री ने आत्मशुद्धि यज्ञ किया। उस अवसर पर उनके पुत्र विद्याधरसिंह व कर्नल वेदप्रकाश ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ,राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं अशोक गहलोत आदि के शोक संदेश पढ़कर सुनाए तथा वैदिक मंत्र व शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Comments are closed.