राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह आयोजित…

युवा सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करे और स्टंट बाजी से बचे — पुलिस अधीक्षक यादव

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह माह 2025 ”परवाह” थीम का समापन, सांस्कृतिक एवं पारितोषिक वितरण समारोह शुक्रवार को श्री कल्याण राजकीय बालिका महाविद्यालय में आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित ​कर रहे जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने कहा कि हम अपने परिवार, समाज, गांव, रिश्तेदारों को यातायात नियमों के बारें में जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी ला सकते है। उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने एवं निर्धारित स्पीड में वाहन चलाने और स्टंट बाजी से बचने की बात कही। पुलिस अधीक्षक यादव ने कहा कि स्कूली विद्यार्थी सड़क नियमों के बारे में अपने परिजनों एवं अन्य लोगों को जागरुक कर सड़क दुर्घटनाओं को कमी लाने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियम हम सब की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, जिनकी हमें उनकी पूर्ण पालना करनी चाहिए।


कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारें में अपने घर, गली—मौहल्लें में आमजन को जागरूक करें ताकि किसी की जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि आम तौर पर देखा जाता है कि किसी दुर्घटना के समय लोग वीडियों बनाते है जबकी हमारा यह दायित्व बनता है​ कि दुर्घटना में घायल लोगों का प्राथमिक उपचार करें और समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाये। उन्होंने कहा अगर किसी सड़क दुर्घटना में किसी परिवार के सदस्य की जान चली जाती है तो उस परिवार पर क्या गुजरती है यह अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि ऐसे सड़क सुरक्षा से संबंधित विभाग जन जागरूकता के कार्यक्रम व अभियान लगातार चलाए और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देवें। जिससे कि लगातार बड़ रही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी आगन्तुकों व बालिकाओ को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने की शपथ भी दिलवाई।

इससे पूर्व सड़क सुरक्षा व यातयात संबंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें अरूनामा ब्रांड एम्बेसेडर ने ”सुणता जाज्यों जी, यातायात नियम री बातां” तथा राजेश साल्वी एंड पार्टी ने भवई नृत्य ”म्हारों प्यारों राजस्थान” की शानदार प्रस्तृतियां दी। कर्यक्रम में सड़क सुरक्षा माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 55 कार्मिक व संस्थाओं का सम्मान किया वहीं निबन्ध, स्लोगन, पोस्टर व पत्र लेखन प्रतियोगिता में ब्लॉक वार प्रथम, ​द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बालक—बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी डॉक्टर वीरेंद्र सिंह ने सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों, सड़क सुरक्षा नियमों एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि परिवहन विभाग सीकर आगे भी सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं आमजन को जागरूक करने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान चलाता रहेगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा, एडीपीसी राकेश कुमार लाटा, सीपीडब्ल्यूडी जेपी यादव, पूर्व एडीएम ईश्वर सिंह राठौड़, एपीआरओ राकेश कुमार ढाका, डीवाईएसपी पूनम, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. हर्षल चौधरी, उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग प्रियंका पारीक, परिवहन निरीक्षक झाबर सिंह धायल सहित अधिकारी, कार्मिक, विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Comments are closed.