सीकर पुलिस को बड़ी सफलता, तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया…

टेंट कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट और फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तारी

सीकर की दादिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेंट कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट करने और फिरौती मांगने के मामले में एसपी ग्रुप के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया के मुताबिक, नेमीचंद नामक व्यक्ति ने 12 जून को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 11 जून को उसकी पत्नी घर के बाहर खड़ी थी, तभी एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी आई। गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाए, जिस पर नेमीचंद की पत्नी ने गाड़ी वाले से धीमी गति से चलाने को कहा। इस पर गाड़ी में बैठे अजय ने धमकी दी कि आज तेरे पति को सुनील पांड्या सबक सिखाएगा। इसके बाद गाड़ी में बैठे यशपाल ने गेट तोड़ने का आदेश दिया और बदमाशों ने गेट तोड़ दिया।

नेमीचंद ने अपनी गाड़ी से वहां पहुंचने पर बदमाशों ने उसकी गाड़ी को दो से तीन बार टक्कर मारी। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे मोहल्ले में जाकर गोदाम में घुसकर लाखों रुपए के फाइबर स्टेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों राहुल जाट (26), सुमित कुमार (24), और यशपाल सुंडा (25) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी थाना इलाके में खुले मैदान में बैठकर भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया। आरोपियों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इस गिरफ्तारी में कांस्टेबल नरेंद्र की विशेष भूमिका रही।

Comments are closed.