सीकर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा…

भारतीय मुद्रा को यूएसडीटी में बदलकर विदेश भेजने का खुलासा, कई राज्यों में दर्ज हैं मामले

सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में लिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपी भारतीय मुद्रा को अवैध रूप से यूएसडीटी (टेथर) में बदलकर विदेशों में भेजते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि नवलगढ़ रोड स्थित कृष्णा रेजीडेंसी के पास यह गिरोह सक्रिय है, जिसके बाद टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई गई।

पुलिस ने इस ऑपरेशन में झुंझुनूं निवासी कमल सारण (24) और पंकज कुमार (26), जोधपुर निवासी कमल सारण (21) और रोहित मीणा को गिरफ्तार किया। इनके पास से 27 डेबिट कार्ड, 25 आधार कार्ड, 7 पैन कार्ड, 6 बैंक चेकबुक, 4 मोबाइल फोन, 1 डोंगल, 2 बैंक पासबुक, 1 बायोमेट्रिक मशीन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। देश के कई राज्यों में इन पर साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सके। इस गिरफ्तारी में कांस्टेबल देवीलाल और मनोज की अहम भूमिका रही।

Comments are closed.