सुशासन दिवस पर स्काउट ने निकाली रैली, सीईओ ने दिलाई शपथ
सीईओ जिला परिषद ने सुशासन रैली को दिखाई हरी झंडी
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनू के तत्वावधान में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को सुशासन दिवस के रूप में स्काउट गाइड कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कैलाश चंद्र शर्मा के मुख्य आतिथ्य में समारोहपूर्वक मनाया गया।

सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कैलाश चंद शर्मा ने कहा कि सुशासन दिवस आयोजित करने का उद्देश्य उत्तरदायी ,पारदर्शी एवं जवाब देही, जन कल्याण केंद्रित , प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने,प्रशासन के सुविचारों से आमजन को अवगत करवाया जाना है तथा सुशासन प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस दौरान शर्मा ने कहा कि स्काउट गाइड अनुशासन का पर्याय है और झुंझुनू जिले में स्काउट गाइड द्वारा की जा रही गतिविधियां प्रशंसनीय है। इस दौरान महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं भारत के पहले गवर्नर चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की पुण्यतिथि अवसर पर उन्हें भी याद किया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला परिषद ने उपस्थित प्रशिक्षु स्काउटर गाइडर को सुशासन की शपथ दिलाई , इस दौरान सुशासन दिवस रैली का आयोजन किया गया, जिसे सीईओ जिला परिषद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली स्काउट गाइड कार्यालय से प्रारंभ होकर कारुंडीय रोड, एसबीआई बैंक, गांधी पार्क, मोदी रोड, कुमावत मोहल्ला मोरारका कॉलेज होती हुई स्काउट गाइड कार्यालय पहुंची। इस अवसर पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त मान महेंद्र सिंह भाटी, राष्ट्रपति स्काउट उमेश रोहिल्ला, राष्ट्रपति स्काउट ओमप्रकाश डीग्रवाल, सहायक लीडर ट्रेनर यादराम आर्य, रामदेव सिंह गढ़वाल, विजय गर्वा,कृष्ण कुमार, सुनील बाकरा, अमरचंद बीयान, दिनेश कुमार सहित स्काउट कार्यालय झुंझुनूं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे श्री गणेश कॉलेज आफ एजुकेशन चूड़ीना (बुहाना) के 170 प्रशिक्षु छात्र अध्यापक अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।
Comments are closed.