सोलर स्मार्ट कंपनी में निवेश का झांसा देकर ठगी करने का मामला…

पुलिस वायरलेस विभाग के हेड कांस्टेबल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज

सीकर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ठगी का मामला सामने आया है, जहां सोलर स्मार्ट कंपनी में निवेश का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की गई। शिकायतकर्ता मुकेश कुमार (33), निवासी शाहपुरा, ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी श्रवण कुमार (29), जो पहले पुलिस वायरलेस विभाग में कार्यरत था और बाद में हेड कांस्टेबल के पद पर जयपुर ट्रांसफर हुआ, ने उसे सोलर स्मार्ट कंपनी में निवेश करने का लालच दिया।

आरोपी ने मुकेश कुमार से कहा कि इस कंपनी में 3 लाख रुपए निवेश करने पर रोजाना 1275 रुपए का प्रॉफिट मिलेगा और छह महीने बाद पूरा हिसाब मिलेगा। विश्वास करके मुकेश कुमार ने तीन लाख रुपए निवेश किए, लेकिन जब छह महीने बाद प्रॉफिट मांगा तो आरोपी ने पैसे देने से मना कर दिया और एक चेक दिया। जब मुकेश ने चेक को बैंक में लगाया तो अकाउंट में पैसे नहीं थे। इसके बाद जब उसने पैसे की मांग की, तो आरोपी ने धमकी दी और पैसे नहीं देने की बात कही।

इसके बाद मुकेश कुमार ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई, और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई विद्याधर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

Comments are closed.