सामुदायिक अनुभव: कक्षा की सीमाओं से परे — ख्वाजा गरीब नवाज़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शैक्षिक भ्रमण रवाना
सीकर। ख्वाजा गरीब नवाज़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सीकर का “कम्युनिटी एजुकेशनल टूर–2026” कुल्लू-मनाली, रायसन कैंप, रोहतांग पास तथा कसोल (हिमाचल प्रदेश) के लिए उत्साहपूर्वक रवाना हुआ। इस वर्ष टूर की थीम “सामुदायिक अनुभव: कक्षा की सीमाओं से परे” रखी गई है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक एवं सामाजिक अनुभव प्रदान करना है।
संस्था चेयरमैन जनाब खादिम हुसैन साहब ने हरी झंडी दिखाकर टूर को रवाना किया। उन्होंने टूर की सफलता की कामना करते हुए सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शैक्षिक भ्रमण का विशेष महत्व होता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा कॉलेज जीवन की यादों को संजोने का अवसर प्रदान करते हैं।
टूर में अकादमिक डायरेक्टर डॉ. खालिद हुसैन, प्रिंसिपल ख्वाजा गरीब नवाज़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग डॉ. अब्दुल लतीफ तथा केजीएन कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल महेंद्र प्रताप नेहरा भी सम्मिलित हैं। सभी ने विद्यार्थियों को दिशा-निर्देश देते हुए टूर के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की भावना व्यक्त की।
टूर में अनुशासन की जिम्मेदारी विकास सूंडा एवं नेहा ताखर को सौंपी गई है, जबकि टूर को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने का दायित्व अब्दुल कादिर खत्री, मोहम्मद अली एवं अशफाक अली निभाएंगे। टूर की संपूर्ण रूपरेखा तैयार कर उसे क्रियान्वित करने का कार्य एच.ओ.डी. खालिकुर रहमान एवं रविकांत नागवान द्वारा किया गया।
टूर की रवानगी के अवसर पर समस्त कॉलेज स्टाफ एवं विद्यार्थियों के परिजनों ने उपस्थित होकर शुभकामनाएं दीं और टूर की सफलता की कामना की। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने, अनुभव प्राप्त करने और सामुदायिक समझ विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।
Comments are closed.