जाट बोर्डिंग हाउस संस्थान सीकर का 81वां स्थापना दिवस सोमवार को रणमल सिंह किसान ऑडिटोरियम में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान की स्थापना और निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों रिछपाल फौजी, अशोक मील, सुल्तान सुंडा, बीरबल सिंह मूंड, सत्येंद्र कुड़ी, और राजेंद्र भूकर का सम्मान किया गया।
समारोह में संस्थान के संरक्षक और पूर्व प्राचार्य शिवनाथ सिंह भड़िया ने अध्यक्षता की। वक्ताओं ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था किसान और मजदूर वर्ग के छात्रों को आवास सुविधा प्रदान करके शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। नवनिर्मित ऑडिटोरियम और निर्माणाधीन त्रिलोक सिंह रिसर्च इंस्टीट्यूट से आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
संस्थान के कोषाध्यक्ष बनवारी लाल नेहरा ने वर्ष 2023-24 का आर्थिक लेखा-जोखा और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह का संचालन डॉ. रेणु महलावत और हरिराम मील ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में रिटायर्ड सेशन न्यायाधीश रतनलाल मूंड, रिटायर्ड आईजी महेंद्र सिंह चौधरी, सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के रिटायर्ड हेड ऑफ डिपार्टमेंट बीएल भादानी, पूर्व प्रधान सीताराम खीचड़, पद्मश्री किसान सुंडाराम कुमावत, बीएसएनएल के रिटायर्ड डायरेक्टर बलबीर सिंह भूकर और फूलचंद झाझड़िया उपस्थित थे।
इस अवसर पर स्व. चौधरी रुघाराम मील पालड़ी की स्मृति में उनके पुत्र हरिराम मील ने 1.76 लाख रुपए, जयंत सीताराम खीचड़ ने 1.51 लाख रुपए, हरिराम सेवदा ने 1.51 लाख रुपए, राजेंद्र खीचड़ ने 1.11 लाख रुपए और शेरसिंह सुंडा ने 1 लाख रुपए संस्थान को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
Comments are closed.