सीकर में आंधी और बारिश के बाद उमस, हीटवेव जारी…

न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी, धूप में तेज़ी बरकरार

सीकर | प्रदेश में जारी हीटवेव के बीच मंगलवार शाम को तेज़ आंधी के बाद हुई बारिश ने शहरवासियों को कुछ देर के लिए राहत दी, लेकिन रातभर उमस बनी रहने से लोग परेशान रहे। बुधवार सुबह तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा।

सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर सुबह न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले 20 डिग्री था। वहीं, अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिससे तेज़ धूप और गर्मी बनी रही।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हीटवेव का असर आज भी रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 10 और 11 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी और बारिश की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

जयपुर मौसम केंद्र ने सीकर में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, बारिश रुकने के बाद फिर से मौसम शुष्क हो जाएगा और गर्मी लौट सकती है।

Comments are closed.