एमके डिफेंस एकेडमी का शानदार प्रदर्शन: आर्मी अग्निवीर लिखित परीक्षा में 18 अभ्यर्थियों ने लहराया सफलता का परचम
सीकर
एमके डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थियों ने आर्मी अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर संस्था का नाम रोशन किया है। एकेडमी के कुल 18 अभ्यर्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में सफलता हासिल कर अग्निवीर भर्ती की अगली प्रक्रिया के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है।
संस्था प्रधान कविता जाखड़ ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों में 12 विद्यार्थियों ने जीडी (GD), 3 ने टेक्निकल, 2 ने ट्रेड्समैन और 1 ने क्लर्क श्रेणी की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब उनका पूरा ध्यान आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा और ग्राउंड टेस्ट पर रहेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को आर्मी ग्राउंड में होने वाली सभी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा कहा कि वे कोच अमित कुमार भालोठिया के मार्गदर्शन में पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करें, ताकि अगली परीक्षा भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक पूरी कर सकें।
संस्था अध्यक्ष मनीष ढाका ने सफल अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, फिटनेस और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था के प्रिंसिपल विकास महला, रतन सिंह, मनदीप जाखड़, कविता चौधरी, प्रकाश सहित समस्त स्टाफ ने सफल विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एकेडमी में सफलता का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई तथा इसे संस्था के अनुभवी मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।