सीकर
ज़िले के जाजोद गाँव में शिक्षा और प्रतिभा को सम्मान देने वाला एक प्रेरणादायक आयोजन देखने को मिला। राजस्थान पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि फतेहपुर विधायक हाकम अली ख़ाँ ने अपने संबोधन में बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एक समय था जब बेटियों को पढ़ाने से कतराया जाता था, लेकिन आज बेटियाँ हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं। उन्होंने कहा कि “एक बेटी दो परिवारों को रोशन करती है,” जो समाज के बदलते सकारात्मक सोच का प्रतीक है।
कार्यक्रम में राजकीय श्री कल्याण महिला महाविद्यालय, सीकर के असिस्टेंट प्रोफेसर यूनूस ख़ाँ ने जाजोद गाँव में बढ़ती शैक्षिक जागरूकता (तालीमी बेदारी) को भविष्य के लिए शुभ संकेत बताया। वहीं KGN समूह, सीकर के निदेशक खादिम हुसैन खत्री ने कहा कि समाज में बदलाव और तरक्की का सबसे बड़ा माध्यम शिक्षा ही है।
आरटीएस अधिकारी गिरवर सिंह ने युवाओं को मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। समारोह में शिक्षाविद रामचंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह रणवा, कुरैशी महासभा अध्यक्ष हारून गौरी, समाजसेवी आलम पठान खीरवा और कायमखानी महासभा उपाध्यक्ष नियाज ख़ाँ जाजोद सहित कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन क़ारी जियाउद्दीन और पवन शर्मा शास्त्री ने किया, जबकि विद्यालय निदेशक अज़ीज़ ख़ाँ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान
इस अवसर पर RAS 2023-24 में सफल गिरवर सिंह जाजोद, पदोन्नत व्याख्याता जहाँगीर ख़ाँ, पीएचडी प्राप्त करने पर डॉ. राशिद अली, नेशनल एथलीट सोफिया ख़ान और सैट विषयों में पीजी करने वाले सूबेदार इक़बाल ख़ाँ सहित कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के टॉपर्स और सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को भी मंच पर सम्मान मिला।
यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला रहा, बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व और बेटियों के सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी देकर गया