सीकर
राज्य के स्कूली किशोरों को विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और समसामयिक सामाजिक-कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी फ्लैगशिप कार्यक्रम “Transformative Tuesdays” के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर श्रीमती रूपा गुप्ता के निर्देशानुसार तथा सचिव शालिनी गोयल के मार्गदर्शन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भढ़ाढ़र (लक्ष्मणगढ़) में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “साइबर सुरक्षा जागरूकता, संरक्षण और न्याय तक समावेशी पहुंच” रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के खतरों, साइबर दुर्व्यवहार, बाल विवाह, घरेलू हिंसा तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
प्राधिकरण द्वारा जारी पहल के तहत छात्रों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए वर्तमान सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की शिकायतों, जिज्ञासाओं एवं सुझावों के लिए विद्यालय परिसर में “कोर्ट वाली दीदी” नामक शिकायत पेटिका आगामी तीन दिनों के लिए स्थापित की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं गोपनीय रूप से साझा कर सकें।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।