25 वर्षों पुराने विवाद का मीडिएशन से हुआ समाधान, 13 मामलों का राजीनामे से निस्तारण
नीमकाथाना
श्रीमती रूपा गुप्ता, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर के निर्देशन में आज नीमकाथाना मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण मीडिएशन कार्यवाही आयोजित की गई। मीडिएटर श्री संतोष कुमार, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रम-01, नीमकाथाना ने पक्षकारों के मध्य सफल मीडिएशन करवाकर लगभग 25 वर्षों से चले आ रहे विवाद का समाधान कराया।
मामले में अधिवक्ता स्वर्गीय श्री हनुमान प्रसाद खण्डेलवाल के वारिसान — श्री भगवती शरण खण्डेलवाल, उमेश खण्डेलवाल, दिनेश खण्डेलवाल, राहुल खण्डेलवाल, नारायण खण्डेलवाल एवं सतीश खण्डेलवाल तथा दूसरे पक्ष के श्री हंसराज शास्त्री एवं श्री गजानंद के मध्य आपसी सहमति से राजीनामा संपन्न हुआ।
विदित रहे कि दोनों पक्षों के मध्य लगभग 13 मामले नीमकाथाना स्थित विभिन्न न्यायालयों में लंबित थे, जबकि संबंधित रिट याचिकाएं राजस्थान उच्च न्यायालय में विचाराधीन थीं। मीडिएशन के माध्यम से सभी प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया।
समझौते के पश्चात दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण का संदेश दिया तथा भविष्य में आपसी भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
मीडिएशन प्रक्रिया में अधिवक्ता श्री सत्यनारायण यादव एवं श्री राजेन्द्र सैनी की सकारात्मक भूमिका रही। वहीं अधिवक्ता श्री शम्भूदयाल अग्रवाल, अधिवक्ता श्री देवेन्द्र चौधरी (बार संघ), अधिवक्ता श्री भानाराम वर्मा, श्री मनोज शर्मा एवं श्री संदीप कुमार मंगावा का भी उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यवाही के अंत में श्री अजय कुमार, सचिव ताल्लुका विधिक सेवा समिति, नीमकाथाना ने सभी अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया।