जोधपुर में युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला…

पैकों का बास क्षेत्र में हड़कंप

भीतरी शहर के कबूतरों का चौक स्थित पैकों का बास क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक मकान में युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाली तोड़कर घर में घुसी, जहां युवक का शव गेट के पास पड़ा हुआ था।

पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए और शव को मोर्चरी में भेज दिया। मृतक की पहचान मेड़ता सिटी निवासी राकेश सोनी के रूप में हुई। वह घोड़ों का चौक में एक ज्वैलरी दुकान पर काम करता था। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई, और वे जोधपुर पहुंचे। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मृतक दोपहर तक दुकान पर नहीं पहुंचा, तो दुकान के संचालक ने अपने कर्मचारी को उसे बुलाने के लिए भेजा। जब कर्मचारी ने घर का गेट खटखटाया और फोन किया, तो युवक ने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

Comments are closed.