आरआर कॉलेज परिसर में लेपर्ड की हलचल से दहशत, वन विभाग सक्रिय…

शहरी आबादी के नजदीक दिखा तेंदुआ, ट्रैंकुलाइज करने की तैयारी

अलवर शहर के आरआर कॉलेज परिसर और उसके आस-पास के इलाकों में तेंदुए की मूवमेंट ने स्थानीय निवासियों को चिंतित कर दिया है। गुरुवार रात तेंदुआ पंचवटी कॉलोनी के नजदीक तक आ गया, जहां मकानों के पास कुत्तों के भौंकने पर लोग सतर्क हुए और तेंदुआ जंगल की ओर लौट गया।

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरा और मुर्गा रखा, लेकिन वह शिकार करने के बजाय नीलगाय का शिकार कर रहा है और दिन में आराम कर रहा है। ट्रैप कैमरों में तेंदुए की तस्वीरें सामने आई हैं, और उसकी उम्र करीब 5 साल बताई जा रही है। अब ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाने की योजना बनाई जा रही है।

आबादी पर खतरा, तेंदुए की तलाश जारी

तेंदुए की गतिविधि फूलबाग, मोती डूंगरी, और पंचवटी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में देखी गई है, जहां लगभग 20 हजार लोग रहते हैं। क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का आवास भी स्थित है।

1 दिसंबर को पहली बार कॉलेज परिसर में महिलाओं ने तेंदुए को देखा था, जिसके बाद से उसकी मूवमेंट लगातार ट्रैक की जा रही है। वन विभाग ने इलाके में पगमार्क भी दर्ज किए हैं और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए ट्रैंकुलाइज करने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोग सतर्क हैं, और वन विभाग तेंदुए के कारण संभावित खतरे को टालने में जुटा हुआ है।

Comments are closed.