उदयपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 145 एकड़ भूमि की अवाप्ति…
मावली और वल्लभनगर क्षेत्र में जनसुनवाई 19 दिसंबर से
उदयपुर एयरपोर्ट के प्रस्तावित विकास और विस्तार के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को अतिरिक्त 145 एकड़ भूमि आवंटित करने के उद्देश्य से आसपास की निजी भूमि अवाप्त की जा रही है। मावली एसडीएम रमेश सीरवी ने जानकारी दी कि इस भूमि अवाप्ति से संबंधित प्रभावित क्षेत्रों के हितधारकों और खातेदारों के लिए 19 दिसंबर से दो दिवसीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।
जनसुनवाई में मावली तहसील के राजस्व ग्राम डबोक, घणोली, वल्लभनगर तहसील के राजस्व ग्राम टूस डांगियान, रावतपुरा, टूस और मंदेसर की निजी भूमि का समावेश है। 126.1010 एकड़ निजी भूमि को जनहित में अवाप्त किया जा रहा है।
सुनवाई के तहत भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक समाघात प्रभाव के अंतर्गत यह प्रक्रिया की जा रही है।
पहली जनसुनवाई 19 दिसंबर को ग्राम पंचायत डबोक में दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें डबोक और घणोली के प्रभावित हितधारक शामिल होंगे। दूसरी जनसुनवाई 20 दिसंबर को ग्राम पंचायत टूस डांगियान में दोपहर 3 बजे आयोजित होगी, जिसमें टूस डांगियान, रावतपुरा, टूस और मंदेसर के प्रभावित लोग शामिल होंगे।
Comments are closed.