उदयपुर पुलिस ने हाईवे लूट गैंग का किया पर्दाफाश, 8.63 लाख रुपए लूटने का किया खुलासा…
"फाइनेंस कर्मियों को निशाना बना कर 9 महीनों में 8 लूट की वारदातें की"
उदयपुर की गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने हाईवे पर फाइनेंस कर्मियों से लूट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पिछले 9 महीनों में 8 फाइनेंस कर्मियों से कुल 8.63 लाख रुपए लूटने की बात कबूल की है। आरोपी इन पैसों को आपस में बांटकर मौज-मस्ती में उड़ा देते थे।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी उदयपुर और सलूंबर के ग्रामीण क्षेत्रों में फाइनेंस कर्मचारियों की रैकी करते थे। जब फाइनेंस कर्मी पैसे लेकर निकलते, तो ये आरोपी हाईवे पर पावर बाइक से उनका पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में परसाद, सलूंबर निवासी राकेश मीणा और पाटिया निवासी अजीत मीणा शामिल हैं।
यह मामला तब सामने आया जब चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन निवासी अफजल मोहम्मद ने 28 नवंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को वह लोन की किस्तें लेकर उदयपुर लौट रहे थे, जब रास्ते में काया जैन मंदिर के पास बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी मारपीट की और उनके पैसों से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल टावर से डेटा निकालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पिछले 9 महीनों में 8 बार फाइनेंस कर्मियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातें की थीं। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में एएसआई मनोहर सिंह और उनके दल के अन्य सदस्यों का अहम योगदान रहा।
Comments are closed.