चूरू कलेक्ट्रेट का पुनर्निर्माण: 41.42 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन बनेगा…

मौजूदा भवन के जर्जर होने के बाद आधुनिक सुविधाओं के साथ नया निर्माण शुरू

चूरू जिला कलेक्ट्रेट का पुराना भवन, जिसे 2014 में पीडब्ल्यूडी ने नाकारा घोषित किया था, अब पूरी तरह से तोड़कर 41.42 करोड़ रुपये की लागत से नया तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा। यह भवन आधुनिक आरसीसी संरचना में निर्मित होगा, जिसमें बेसमेंट पार्किंग, 101 कमरे, बैठक हॉल और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि वर्तमान में 19.12 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध है, जिससे कलेक्ट्रेट के पीछे के हिस्से का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आगे के हिस्से के लिए 22.30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। नए भवन में बेसमेंट में 84 चार पहिया वाहनों और दुपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी।

पुराने भवन की स्थिति और निर्माण की जरूरत

67 साल पुराने कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण धांधला पत्थर और चिकनी मिट्टी की चिनाई से हुआ था, जो समय के साथ कमजोर हो गई। बारिश के पानी के रिसाव और समय-समय पर हिस्से गिरने की घटनाओं के कारण इसे कंडम घोषित किया गया। जुलाई 2024 में उप डाकघर भवन का हिस्सा गिरने के बाद प्रशासन ने यहां से कार्यालयों को अन्य भवनों में स्थानांतरित कर दिया। प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रस्तावित बजट को जल्द मंजूरी देगी।

Comments are closed.