जयपुर में नाटक ‘हमारे राम’ की शानदार प्रस्तुति…
बॉलीवुड कलाकारों के अभिनय से सजा मंच, रावण के किरदार में आशुतोष राणा की जबरदस्त एंट्री
रविवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में नाटक हमारे राम का मंचन हुआ, जिसमें बॉलीवुड कलाकारों ने अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया। नाटक में रावण के किरदार में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा ने एक प्रभावशाली प्रदर्शन दिया। उनकी स्टेज पर एंट्री और संवाद की शैली ने दर्शकों को रावण के द्वंद्व और संघर्ष का गहराई से अहसास कराया।
नाटक के दौरान, रावण का किरदार एक ओर जहां अत्यंत ज्ञानी और तपस्वी के रूप में प्रस्तुत किया गया, वहीं दूसरी ओर उनका अहंकार, क्रोध और शक्ति के प्रतीक रूप में भी दिखाया गया। रावण के शिव तांडव स्त्रोत के प्रसंग को भी नाटक में खूबसूरती से दर्शाया गया, जिसमें रावण ने भगवान शिव को नारियल की बजाय अपना शीश चढ़ाया और इसके बाद महादेव ने उसे 10 सिर और 20 भुजाओं का वरदान दिया। नाटक में राम और सीता के विवाह का दृश्य भी बहुत सुंदर तरीके से दिखाया गया। इसके साथ ही, नाटक में भगवान राम द्वारा गिद्धराज जटायु का पिता समान दाह संस्कार करना दर्शाया गया, जो न केवल पौराणिकता का जीवंत रूप था, बल्कि मानवीय रिश्तों के महत्व को भी उजागर करता है।
रावण के किरदार में आशुतोष राणा की प्रस्तुति ने न केवल तालियां बटोरी, बल्कि राम के किरदार में डॉ. राहुल भुच्चर की प्रभावशाली अभिनय और संवाद डिलीवरी ने भी दर्शकों को मोहित किया। नाटक के लेखक राहुल भुच्चर और डॉ. नरेश कात्यायन हैं, और इस नाटक के निर्माता भी राहुल भुच्चर ही हैं। नाटक में अन्य प्रमुख कलाकारों में हनुमान के रूप में दानिश अख्तर, शिव के पात्र में तरुण खन्ना, और माता सीता के रूप में हरलीन कौर रेखी शामिल थे।
Comments are closed.