जिला मुख्यालय पर सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया, शहीदों को सम्मान और चंदा एकत्रित…

सेवानिवृत्त और सेवारत सैनिकों के कल्याण के लिए धन राशि जुटाने का उद्देश्य

शनिवार को जिला मुख्यालय पर सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (नेवी) कुंवर दलीप सिंह ने बताया कि इस दिन का मुख्य उद्देश्य शहीद सैनिकों को सम्मान देना, बुजुर्ग सैनिकों को सलाम करना और सेवारत सैनिकों के साथ राष्ट्र की एकजुटता को प्रदर्शित करना है।

कैप्टन सिंह ने कहा कि इस दिन विशेष झंडे और स्टीकर्स वितरित कर आम जनता से सहयोग प्राप्त किया जाता है, जिससे धन राशि एकत्रित की जाती है। यह राशि युद्ध विकलांगों, शहीदों के परिवारों, सेवानिवृत्त और सेवारत सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए उपयोग की जाती है।

इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर कैप्टन हेमंत मंगल और लेफ्टिनेंट बीएल मेहरा के नेतृत्व में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से शहीद स्मारक तक एक रैली निकाली गई। रैली में शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सिंह, राइफलमैन पृथ्वी सिंह, मोहम्मद याकूब, दलीप कुमार, महेश कुमार, गोविंद सिंह और भूपेंद्र सिंह ने कलेक्टर अभिषेक सुराणा को सशस्त्र सेना झंडा लगाया। इस दिन जनसहयोग से चंदा भी एकत्रित किया गया।

Comments are closed.